📅 Published on: November 2, 2025
कार्डधारकों की शिकायत के बाद हुई जांच, खाली मिली दुकान; कार्रवाई की तैयारी
Kapilvastupost
लोटन। लोटन ब्लॉक के रसियावल खुर्द गांव में कोटे की दुकान पर राशन वितरण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद शुक्रवार को गठित एक तीन सदस्यीय जांच टीम ने दुकान का निरीक्षण किया और पाया कि दुकान में राशन का कोई स्टॉक उपलब्ध नहीं है। इस खुलासे के बाद अब कोटेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।
ग्रामीणों- पप्पू पांडेय, बुधिराम, प्रदीप, जीके पांडेय, इस्लाम समेत दर्जनों लोगों ने बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) के समक्ष कोटेदार दुर्गावती पर राशन वितरण में गड़बड़ी करने और समय पर राशन न देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच टीम का गठन
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, जिला पूर्ति अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से एआरओ विजय कुमार प्रसाद, पूर्ति निरीक्षक बर्डपुर विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, और लोटन पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार यादव की एक टीम गठित की।
दुकान मिली ‘खाली’, लिए गए बयान
टीम ने शुक्रवार को गांव पहुंचकर कोटे की दुकान का निरीक्षण किया और कार्डधारकों के बयान दर्ज किए। लोटन पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार यादव ने पुष्टि की, “कार्डधारकों की शिकायतों के आधार पर उनके बयान लिए गए। दुकान के स्टॉक की जांच में चावल, गेहूं व चीनी जैसा कोई राशन उपलब्ध नहीं पाया गया।”
जांच टीम ने सभी अभिलेख और दर्ज किए गए बयानों के आधार पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर कोटेदार पर आगे की नियमों के तहत कार्रवाई जल्द ही शुरू की जाएगी।