📅 Published on: November 27, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर डायमंड जुबली एवं 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी, लखनऊ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय गौहनिया राज, विकास क्षेत्र–डुमरियागंज के स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों (स्काउट- आदर्श मोदनवाल,अंश मोदनवाल गाइड- नेहा विश्वकर्मा शालू मौर्या, लक्ष्मी, लक्ष्मी यादव, अंकित वर्मा, प्रीती वर्मा, चांदनी, हिमांशी वर्मा, रिया, ताशिफा ) ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर जनपद सिद्धार्थनगर का नाम रोशन किया है।
जम्बूरी के अंतर्गत आयोजित मिलिट्री बेस कैंप में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के आधुनिक हथियारों की जानकारी प्राप्त हुई, साथ ही साहसिक एवं एडवेंचर गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान बच्चों ने न केवल सैन्य अनुशासन और देश रक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ हासिल कीं, बल्कि साहस, नेतृत्व और टीम भावना का भी विकास किया।
प्रदर्शनी स्थल पर देश–विदेश से आए तथा विभिन्न प्रदेशों से आए स्काउट एवं गाइड्स के साथ विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अलग-अलग राज्यों की संस्कृतियों, जीवनशैली और स्काउटिंग गतिविधियों को जानने का अवसर बच्चों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा।
इस पूरे कार्यक्रम में विद्यालय की टीम का कुशल नेतृत्व स्काउट मास्टर कुलदीप कुमार एवं प्रधानाध्यापक श्री मोहम्मद आरिफ उस्मानी द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में स्काउट–गाइड विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।