राष्ट्रीय डायमंड जुबली जम्बूरी से लौटे सिद्धार्थ नगर के स्काउट-गाइड दल का भव्य स्वागत

नियमतुल्लाह खान

सिद्धार्थनगर लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय डायमंड जुबली जम्बूरी 2025 में प्रतिभाग कर लौटे जनपद सिद्धार्थ नगर के स्काउट-गाइड, रोवर्स एवं उनके लीडरों का जिले में पहुँचते ही अभिभावकों व स्थानीय लोगों द्वारा ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया।

जैसे ही जम्बूरी से लौटने वाली बस निर्धारित स्थल पर पहुँची, बच्चों और अध्यापकों के बस से उतरते ही फूल-मालाएँ पहनाकर, पुष्पवर्षा और तालियों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

इस राष्ट्रीय जम्बूरी में पूर्व माध्यमिक विद्यालय गौहनिया राज (डुमरियागंज) के यूनिट लीडर कुलदीप कुमार व सहायक लीडर मो० आरिफ उस्मानी के नेतृत्व में 12 बच्चे,
कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जानियाजोत (बांसी) की गाइडर डॉ. इफ्तेखारुन निसा(डीटीसी गाइड) के साथ 11 बच्चे,
कंपोजिट विद्यालय गौरडीह (खुनियावं) के यूनिट लीडर राजीत कुमार (डीटीसी स्काउट) के साथ 1 बच्चा, प्राथमिक विद्यालय इटवा प्रथम के यूनिट लीडर हेमन्त कुमार गुप्त के नेतृत्व में 2 बच्चे, माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज (इटवा) के यूनिट लीडर राजकुमार पाल के साथ 8 बच्चे, राजा रतन सेन डिग्री कॉलेज, बांसी के 5 रोवर्स,
तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय जखौली के यूनिट लीडर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में 1 बच्चा प्रतिभाग कर जनपद लौटे।

जम्बूरी में बच्चों ने अनुशासन, देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर जनपद सिद्धार्थ नगर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया और जंबूरी के समापन समारोह में 28 नवंबर 2025 को भारत की वर्तमान राष्ट्रपति माननीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को देखकर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर बहुत हर्षित और आनंदित हो गये।

बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस आयोजन से उनमें आत्मविश्वास, सहयोग और सेवा भावना का विकास हुआ है।

स्वागत समारोह में उपस्थित अभिभावकों ने सभी बच्चों एवं लीडरों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। वहीं यूनिट लीडरों ने बच्चों के उत्कृष्ट व्यवहार और अनुशासन की सराहना करते हुए अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया।