📅 Published on: December 1, 2025
Kapilvastupost
शोहरतगढ़/ सिद्धार्थ नगर
शोहरतगढ़ क्षेत्र के गौहणिया चौराहे पर स्थित जनता अस्पताल (फ्रैक्चर केंद्र) के एक चिकित्सक डॉ. प्रभाकर मणि त्रिपाठी पर गैरइरादतन हत्या के प्रयास, घोर लापरवाही, शारीरिक प्रताड़ना और धमकी देने जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई एक युवती के भाई की तहरीर पर की गई है, जिसकी हालत चिकित्सक की कथित लापरवाही के चलते अब भी गंभीर बनी हुई है।
इलाज में लापरवाही और पेशाब की नली काटने का आरोप
जोगीया थाना क्षेत्र के पारा नानकार निवासी अविनाश मिश्रा ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी बहन मीनाक्षी (उर्फ तुलसी देवी) को गुर्दे में पथरी की समस्या थी। 10 अगस्त को उन्हें इलाज के लिए जनता अस्पताल फ्रैक्चर केंद्र में भर्ती कराया गया था।
आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक डॉ. प्रभाकर मणि त्रिपाठी ने घोर लापरवाही बरती और युवती की पेशाब की नली काट दी। इस गंभीर चूक के बाद युवती की हालत बिगड़ती चली गई और वह लगातार समस्याओं से जूझती रही।
शिकायत पर धमकी और दुर्व्यवहार
परिजनों ने जब लगातार बिगड़ती हालत और लापरवाही की शिकायत की, तो चिकित्सक ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें धमकाया। बाद में युवती को बेहतर इलाज के लिए पहले गोरखपुर और फिर लखनऊ स्थित केजीएमयू (KGMU) में भर्ती कराया गया है, जहां वर्तमान में उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अविनाश मिश्रा की तहरीर के आधार पर आरोपित चिकित्सक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
शोहरतगढ़ थाने के पुलिस क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने इस संबंध में पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चिकित्सक के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या के प्रयास, गंभीर चोट (घोराघात), धमकी और शारीरिक प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।