शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला नेपाली युवक का शव

गुरु जी की कलम से

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

​शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन के समीप ग्राम कोरीडीहा के निकट शनिवार दोपहर करीब तीन बजे रेलवे लाइन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला है।

​शव की शिनाख्त

​घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस शोहरतगढ़ ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर शव की शिनाख्त की गई है।

​युवक का नाम नेपाल के जिला कपिलवस्तु के पकड़ी गांव निवासी घनश्याम कोरी बताया गया है।

​मौत की वजह पर संशय

​ग्रामीणों ने इस बात की संभावना व्यक्त की है कि युवक किसी ट्रेन से जा रहा होगा और ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मृत्यु हो गई होगी।

​हालांकि, मृतक के शरीर पर कहीं भी चोट का निशान नहीं मिला है, जिससे उसकी मौत के कारणों पर संशय बना हुआ है।

​पुलिस का बयान

​थानाध्यक्ष शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि युवक की मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।