डुमरियागंज: जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, ईंट-पत्थर चले, एक पक्ष पर केस दर्ज

बिजवार बढ़ई गांव में निर्माण कार्य को लेकर आमने-सामने आए दो परिवार।
मारपीट में महिला के सिर पर आई गंभीर चोट, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई।
न्यायालय में विचाराधीन है विवादित भूमि का मामला।

नियमतुल्लाह खान
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर):
थाना क्षेत्र के ग्राम बिजवार बढ़ई में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। ईंट-पत्थर चलने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष के आरोपों की जांच की जा रही है।

निर्माण कार्य रोकने को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक जमीन का टुकड़ा है जिसका बंटवारे का मामला उपजिलाधिकारी (SDM) न्यायालय में विचाराधीन है। द्वितीय पक्ष की कमला देवी का आरोप है कि न्यायालय में मामला लंबित होने और निर्माण पर रोक के बावजूद विपक्षी बुधराम और उनके परिवार के लोग जबरन निर्माण करा रहे थे।

मंगलवार सुबह जब उन्होंने निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया, तो विपक्षी आक्रोशित हो गए और ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में कमला देवी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप

वहीं, प्रथम पक्ष की जमिंत्रा पत्नी बुद्धिराम ने पुलिस को दी तहरीर में अलग कहानी बताई है। उनका आरोप है कि जब वह अपने घर का निर्माण करवा रही थीं, तभी विरोधियों ने गोलबंद होकर उन पर हमला बोल दिया। जमिंत्रा के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें, उनके पति, पुत्र और दो बेटियों के साथ मारपीट की।

मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज, श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों ही पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है।
कमला देवी की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष (जमिंत्रा) द्वारा दी गई तहरीर की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।