📅 Published on: December 23, 2025
सद्दाम खान
इटवा (सिद्धार्थनगर): कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जहाँ आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं गरीब कल्याण संस्था समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरी है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल यादव, जिन्हें स्थानीय लोग ‘गरीबों का मसीहा’ पुकार रहे हैं, उनके नेतृत्व में लगातार पांचवें दिन भी निःशुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम जारी रहा।
नवेल खौदी में उमड़ा जनसैलाब, अपनों के बीच पहुँचे मददगार
थाना कठेला अंतर्गत ग्राम पंचायत नवेल खौदी में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार की एक अनोखी झलक देखने को मिली।
संस्था के पदाधिकारियों ने गांव के सैकड़ों असहाय बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और जरूरतमंद पुरुषों को चिन्हित कर उन्हें कंबल भेंट किए। ठंड से राहत पाते ही बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने संस्था की टीम को दिल खोलकर आशीर्वाद दिया।
जहाँ कोई नहीं पहुँचता, वहाँ पहुँचेगी संस्था
संगठन प्रभारी पप्पू चौहान ने अपने संबोधन में संस्था के संकल्प को दोहराते हुए कहा: हमारा कर्तव्य हर हाल में मजलूमों की सेवा करना है। जहाँ नेता, विधायक या जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुँच पाते, वहाँ हमारी गरीब कल्याण संस्था पहुँचकर मदद का हाथ बढ़ाएगी।
आठ वर्षों से अनवरत जारी है सेवा का सफर
रामगोपाल यादव केवल चुनावी मौसम के नेता नहीं, बल्कि जमीनी सेवक के रूप में पहचाने जाते हैं। वे पिछले आठ वर्षों से लगातार हर सर्दी में गरीबों के बीच कंबल बांट रहे हैं। स्थानीय जनता का कहना है कि रामगोपाल यादव ही वह शख्स हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े नजर आते हैं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में संगठन के अनिल कपूर निषाद, लालजी यादव, तिलाराम यादव, सिंगर इन्द्रजीत दीवाना और परमेश कन्नौजिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान सर्वजीत यादव, बजरंगी प्रजापति, पंडित रमाकांत तिवारी, करेजू, बालजीत और पुरुषोत्तम निषाद सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने इस नेक पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
बताते चलें गरीब कल्याण संस्था की यह मुहिम न केवल जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही है, बल्कि समाज में ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के भाव को भी चरितार्थ कर रही है।