📅 Published on: February 2, 2026
Kapilvastupost
मिर्जापुर/चुनार: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को लेकर राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुनार की विभाग प्रभारी डॉ. शफालिका राय ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने इस बजट को ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के भविष्य के लिए एक मील का पत्थर बताया है।
महिला उद्यमियों के लिए ‘सीमार्ट’ और इक्विटी सपोर्ट
बजट में महिलाओं के लिए ‘सीमार्ट’ (C-Mart) ग्रोथ फंड की घोषणा की गई है, जो महिला स्टार्टअप्स को इक्विटी सपोर्ट प्रदान करेगा।
डॉ. राय के अनुसार, “पहली बार उद्यमी महिलाओं के लिए टर्म लोन और मेंटरशिप का विस्तार किया गया है। यदि यह योजना जमीनी स्तर की महिलाओं तक पहुँची, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल जाएगी।” इससे ग्रामीण महिलाएं कृषि और लघु उद्योगों में सीधे बाजार से जुड़ सकेंगी।
शिक्षा और सुरक्षा: छात्रावास और STEM यूनिवर्सिटी
महिलाओं की उच्च शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए हर जिले में लड़कियों के छात्रावास और 5 विश्वविद्यालय टाउनशिप स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
* STEM शिक्षा: विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) को बढ़ावा देने के लिए विशेष यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी।
* डिजिटल नॉलेज ग्रिड: प्राचीन पांडुलिपियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए डिजिटल ग्रिड की स्थापना होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी राहत: सस्ती दवाएं और कैंसर उपचार
कैंसर और शुगर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं पर छूट देने का फैसला महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी माना जा रहा है। विशेष रूप से बढ़ते स्तन और सर्वाइकल कैंसर के मामलों को देखते हुए यह एक जीवन रक्षक कदम है। साथ ही, अगले 5 वर्षों में 1 लाख एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स (AHP) की नियुक्ति और 3 नए आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना से स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा।
छोटे शहरों का विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर
सरकार ने कैपिटल एक्सपेंडिचर (Capex) को बढ़ाकर 12.75 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। विजन 2047 के तहत टियर-2 और टियर-3 शहरों को विकसित करने पर जोर दिया गया है, ताकि छोटे शहरों में बेहतर सुविधाएं और बिजनेस कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके।
डॉ. शफालिका राय का मानना है कि बजट 2026 ‘विकसित भारत’ के सपने को सच करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है, बशर्ते इसका क्रियान्वयन ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से हो।