📅 Published on: February 5, 2026
Kapilvastupost
मोहाना (सिद्धार्थनगर): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहूडीला गांव के सिंगहा टोला में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बैंक बकाया की वसूली और कुर्की की कार्रवाई करने पहुंचे एक संग्रह अमीन पर दो सगे भाइयों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल अमीन की पिटाई की, बल्कि उन पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभद्रता भी की।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, रोहूडीला गांव के सिंगहा टोला निवासी अनिल कुमार और अखिलेश कुमार (पुत्र शोभ नारायन) पर ग्रामीण बैंक शाखा मोहाना का 5,05,160 रुपये का बकाया है। लंबे समय तक भुगतान न होने के कारण बैंक द्वारा आरसी (RC) जारी की गई थी।
मंगलवार दोपहर बाद नौगढ़ तहसील के नायब तहसीलदार के नेतृत्व में संग्रह अमीन सुभाष चंद्र कुर्की की प्रक्रिया पूरी करने गांव पहुंचे थे। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, दोनों भाई उग्र हो गए और अमीन पर हमला बोल दिया।
पटक-पटक कर मारा, दी गालियां
पीड़ित अमीन के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और जमीन पर पटक-पटक कर पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अन्य राजस्व कर्मियों और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह अमीन की जान बचाई। इस हमले में सुभाष चंद्र को काफी चोटें आई हैं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित अमीन ने मोहाना थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की है।
* दर्ज धाराएं: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 221, 121 (1), 132, 352 सहित एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)द, 3(1)ध, और 3(2) वीए के तहत मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।