📅 Published on: February 4, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। निर्वाचन जैसे अति-महत्वपूर्ण संवैधानिक कार्य में जुटे एक शिक्षा मित्र (BLO) पर दबंग प्रधान द्वारा किए गए हमले ने जिले की कानून व्यवस्था और निर्वाचन ड्यूटी की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
शोहरतगढ़ तहसील के बूथ संख्या 45 पर तैनात विजय कुमार के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (UPPSS) ने आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है।
दबंगई के आगे बेबस प्रशासन?
घटना के कई दिन बीत जाने और प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने के बावजूद, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गहरा संदेह पैदा करता है। संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रान्तीय उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने तीखे स्वर में कहा कि एक तरफ प्रशासन निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव का दावा करता है, वहीं दूसरी ओर चुनाव कार्य में लगे सरकारी कर्मचारियों पर सरेआम हमले हो रहे हैं।
खौफ के साए में ‘लोकतंत्र के सजग प्रहरी’
मारपीट में घायल विजय कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। इस घटना ने जिले के हजारों शिक्षकों, शिक्षामित्रों और बीएलओ के मनोबल को तोड़ दिया है।
यदि निर्वाचन कार्य में लगे कर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो निष्पक्ष चुनाव की कल्पना कैसे की जा सकती है? प्रशासन की चुप्पी अपराधियों को संरक्षण देने के समान है। — योगेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, जिला मंत्री
संघ की दोटूक मांग
शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। जिला कोषाध्यक्ष अभय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई कर ‘नजीर’ पेश की जाए, ताकि भविष्य में कोई किसी सरकारी कर्मचारी पर हाथ उठाने का दुस्साहस न कर सके।