सिद्धार्थनगर: शादी समारोह में आए युवकों ने दुकानदार की गला रेतकर की हत्या, इलाके में तनाव

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद के जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नादेपार चौराहे पर मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते एक 23 वर्षीय युवक की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।
दुकान पर बैठे युवक पर अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, नादेपार निवासी शिवम कसौधन (पुत्र सब्बू) की चौराहे पर ही कपड़ों की दुकान है, जिसे उन्होंने महज 10 दिन पहले शुरू किया था। मंगलवार शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच शिवम अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी आरोपी प्रिंस वर्मा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रिंस ने अचानक चाकू से शिवम के गले पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल शिवम को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर ले जाया गया, लेकिन घाव इतना गहरा था कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुँचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विवाद का कारण: रंजिश या नशे की लत?
परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले विनय वर्मा के घर बुधवार (11 मार्च) को शादी है। आरोपी प्रिंस वर्मा दिल्ली से अपने मामा पवन के घर इसी शादी में शामिल होने आया था। मृतक के भाई शुभम ने बताया कि दो दिन पहले भी प्रिंस और शिवम के बीच कहासुनी हुई थी। वहीं, कुछ सूत्रों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी था और पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद उसने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ‘अफेयर’ के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है, जिसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही जोगिया उदयपुर थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एहतियात के तौर पर नादेपार चौराहे और संबंधित गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।