अफवाहों पर न दें ध्यान, क्षेत्र में पर्याप्त है गैस और डीजल: शोहरतगढ़ एसडीएम

Kapilvastupost
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी की अफवाहों और उपभोक्ताओं के बीच पनप रही घबराहट को देखते हुए सोमवार को एसडीएम विवेकानंद मिश्रा एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने स्थानीय ‘उत्तमा सोनी एचपी गैस ग्रामीण वितरक केंद्र’ का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्टॉक रजिस्टर की जांच की और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है और सोमवार को नियमानुसार 360 सिलेंडरों का वितरण किया गया।

बिना बुकिंग नहीं मिलेंगे सिलेंडर
निरीक्षण में यह बात सामने आई कि कुछ लोग बिना बुकिंग के ही सिलेंडर लेने पहुंच रहे थे, जिससे अव्यवस्था हो रही थी। प्रशासन ने साफ किया कि बिना बुकिंग सिलेंडर उपलब्ध कराना संभव नहीं है। साथ ही, ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

घबराकर भंडारण न करें नागरिक
एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे युद्ध की आशंका जैसी भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि गैस और डीजल दोनों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए अनावश्यक रूप से अधिक खरीदारी या भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है।
इस दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश चन्द्र, आपूर्ति निरीक्षक सर्वेश कुमार और गैस एजेंसी के प्रबंधक राजेश कुमार आर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।