📅 Published on: March 13, 2026
Kapilvastupost
बस्ती/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की रहने वाली और लखनऊ में रहकर नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि आजमगढ़ के एक युवक ने छात्रा को अपनी जाल में फंसाकर पहले नशीला पदार्थ पिलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो बनाकर छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और कई बार शारीरिक शोषण किया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी जान-पहचान
पीड़िता लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। छात्रा के मुताबिक, उसकी मुलाकात एक विवाह समारोह के दौरान आजमगढ़ के अलीपुर निवासी अजमत खां से हुई थी, जो उसका दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हो गई।
कैफे में बुलाया, फिर पिलाया नशीला पदार्थ
अगस्त 2024 में आरोपी अजमत ने छात्रा को लखनऊ के एक कैफे में मिलने के लिए बुलाया, जहां उसने धोखे से फोटो और वीडियो बना लिए। इन तस्वीरों को परिवार को दिखाने की धमकी देकर उसने छात्रा को विकास नगर स्थित एक मकान में बुलाया। आरोप है कि वहां कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर छात्रा को बेहोश कर दिया गया और उसकी बेसुध हालत का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया गया।
वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
वारदात के बाद आरोपी ने छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करने लगा। डर के साये में जी रही छात्रा ने अंततः साहस जुटाकर शहर कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बस्ती पुलिस ने आरोपी अजमत खां के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल मोतीचंद के अनुसार, पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।