📅 Published on: March 14, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: इटवा थाना क्षेत्र के बिस्कोहर-इटवा मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। महादेव घुरहू गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान गुरुवार को 16 वर्षीय छात्र की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत नाजुक होने पर उसे गोरखपुर रेफर किया गया है।
हादसे का विवरण
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महतिनिया बुजुर्ग निवासी विजय कुमार का पुत्र नीलेश (16), जो ललिता इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था, बुधवार रात अपने दोस्तों रजत (20) और नीरज (17) के साथ एक बारात में शामिल होने गया था। देर रात घर वापस लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले जाया गया, जहाँ से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिवार में मचा कोहराम
उपचार के दौरान नीलेश ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि नीलेश की मां का निधन आठ वर्ष पहले ही हो चुका था, अब इकलौते बेटे की असमय मौत से पिता और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने परिजनों के आग्रह पर बिना पोस्टमार्टम के शव पंचनामा कर उन्हें सौंप दिया है। थानाध्यक्ष इटवा, रविंद्र सिंह के अनुसार, तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।