📅 Published on: April 3, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को फर्जी बताते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही उसने विपक्षी पक्ष पर लूटपाट, तोड़फोड़ और पुलिस पर उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरवाटिया मुस्तहकम निवासी फुरकान अहमद ने बस्ती के पुलिस उप महानिरीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मनगढ़ंत तहरीर देकर थाना डुमरियागंज में उनके और उनके परिवार के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पीड़ित का कहना है कि तहरीर में दर्ज घटना का समय और स्थान संदिग्ध है। जिस जगह मारपीट की बात कही गई है, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में ऐसी कोई घटना दिखाई नहीं देती। उनके अनुसार उस समय केवल बच्चों के बीच मामूली विवाद हुआ था, वह भी किसी अन्य स्थान पर।
फुरकान अहमद ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष ने उनके फार्म हाउस में घुसकर लूटपाट और तोड़फोड़ की। गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन उठा ले जाने का भी आरोप लगाया गया है, जो अभी तक कथित रूप से विपक्षी के कब्जे में है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरी घटना के वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
पीड़ित ने बताया कि मामले की शिकायत पहले ही स्थानीय थाना इमरियागंज में की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा, एक सिपाही द्वारा फोन पर धमकाने और थाना प्रभारी द्वारा अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद पीड़ित परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि सीसीटीवी और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी मुकदमा निरस्त किया जाए तथा लूटी गई संपत्ति वापस दिलाई जाए। साथ ही दोषियों और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि जांच के बाद सच्चाई क्या सामने आती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं। प्रकरण में पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र से बात करने की कोशिश की गई तो मोबाइल कवरेज क्षेत्र से बाहर बता रहा है।