📅 Published on: April 6, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोनरा मोड़ पर क्रिकेट के रोमांच की शुरुआत हो गई है। यहाँ लाल जी यादव के नेतृत्व में ‘सिद्धार्थनगर प्रीमियर लीग’ क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथियों ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों का जबरदस्त जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लोकसभा प्रभारी अखंड पाल, बांसी विधानसभा प्रभारी प्रिंस शर्मा और अमरेंद्र पाल मौजूद रहे। अतिथियों ने मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर टूर्नामेंट की विधिवत शुरुआत की।
प्रतिभा निखारने और नशे से दूर रहने का संदेश
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में खेल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी छिपी हुई प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिलता है। उन्होंने कहा खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन और टीम भावना पैदा करता है। ऐसे आयोजनों से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं।
क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मिलेगा मौका
आयोजनकर्ता लाल जी यादव ने सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाना है ताकि वे भविष्य में बड़े स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
इस दौरान अरशद प्रधान (बारिकपार), राकेश मौर्या, दिनेश निषाद, जिसान समेत भारी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरा गोनरा मोड़ क्षेत्र इस समय क्रिकेट के जुनून और उत्साह के रंग में डूबा हुआ है।