📅 Published on: April 22, 2026
गुरु जी की कलम से
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर):
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुलसियापुर चौराहे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सामने एनएच पर एक तेज रफ्तार बोलेरो और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।
हादसे का विवरण
बुधवार शाम करीब 4:30 बजे, पश्चिम दिशा से आ रही महिंद्रा बोलेरो (संख्या UP-55-X-8287) और पूरब दिशा से आ रही स्कूटी (संख्या UP-55-AS-0633) में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और तत्काल घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शोहरतगढ़ पहुँचाया गया।
घायल की पहचान और स्थिति
घायल युवक की पहचान राजेंद्र (34) पुत्र राम चंदर के रूप में हुई है, जो शोहरतगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6, आर्य नगर का निवासी है। राजेंद्र शांति मार्केट के सामने मूंगफली का ठेला लगाकर अपने परिवार का गुजारा करता है।
CHC के चिकित्सक डॉ. अभय भारती ने बताया कि युवक के सिर और पेट में गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पहुँची डायल 112 पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रहा है। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।