📅 Published on: April 22, 2026
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर बढ़नी नगर पंचायत की बोर्ड बैठक बुधवार को नगर पंचायत सभागार में चेयरमैन सुनील अग्रहरि की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी योजनाओं का खाका खींचा गया। बैठक में अधिशाषी अधिकारी (EO) अजय कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विकास कार्यों पर जोर और नई योजनाएं
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु नगर का चहुंमुखी विकास रहा। पूर्व में कराए गए कार्यों की गहन समीक्षा की गई और जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नई परियोजनाओं को लेकर रणनीति बनाई गई।
सभासदों से मांगे गए प्रस्ताव
चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने सभी सभासदों से उनके वार्डों की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं के आधार पर नए प्रस्ताव मांगे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी। चेयरमैन ने सभी सभासदों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सक्रिय सहयोग करें ताकि बढ़नी को एक आदर्श नगर बनाया जा सके।
बैठक में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर सभासद निसार अहमद, श्रीमती सरोजा देवी, मनोज यादव, मो. अकबर, निजाम अहमद, सतीश चन्द्र शर्मा, सुश्री दरख्शा, श्रीमती आरशमा खातून, श्रीमती दीपमाला, कन्हैया लाल मित्तल और रजीउद्दीन मौजूद रहे। साथ ही मनोनीत सभासद त्रियुगी अग्रहरि, रामधनी मौर्य, श्रीमती अनीता जायसवाल, लिपिक ऋषभ मोदनवाल सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।