📅 Published on: May 24, 2026
Nizam Ansari
*सिद्धार्थनगर (यूपी)।* सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज क्षेत्र स्थित शाहपुर नवीन मंडी में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मंडी की सात दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी भयावह थी कि आसमान में दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक दुकानों में रखा भारी मात्रा में फल, नकदी और लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।
**खाना खाने गए थे दुकानदार, पीछे से हो गया हादसा**
पीड़ित दुकानदारों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे सभी दोपहर का खाना खाने के लिए अपने-अपने घर गए हुए थे। इसी दौरान मंडी से अचानक फोन आया कि दुकानों में आग लग गई है। जब तक वे बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, तब तक सब कुछ जल चुका था। दुकानदारों के अनुसार, आग की चपेट में आने से सातों दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं और उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है। इस घटना के बाद से पीड़ित व्यापारियों में भारी नुकसान को लेकर मायूसी और कोहराम का माहौल है।
**मंडी सचिव और प्रशासन जांच में जुटे**
शाहपुर नवीन मंडी के सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में सात दुकानें जलकर खाक हुई हैं और लाखों रुपये के माल का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, प्रशासन पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहा है।
**बाइट (VOB):**
1. वहाब (पीड़ित दुकानदार)
2. मोहम्मद उसमान (पीड़ित दुकानदार)
3. राजेश कुमार सिंह (मंडी सचिव, शाहपुर नवीन मंडी)