📅 Published on: May 29, 2026
गुरु जी की कलम से
**सिद्धार्थनगर (बांसी)।**
तहसील क्षेत्र के खेसरहा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भलुहा से धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पूर्व प्रधान पर गांव की ही 71 वर्षीय अनपढ़ विधवा महिला को झांसे में रखकर उसकी पूरी जमीन धोखे से किसी और के नाम बैनामा (रजिस्ट्री) कराने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने कोतवाली बांसी में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
**वरासत दर्ज कराने के नाम पर ले गए बांसी, रच डाला आपराधिक षड्यंत्र**
ग्राम भलुहा निवासी पीड़िता सुखना देवी (71) पत्नी स्वर्गीय दशरथ ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति का निधन 10 फरवरी 2025 को हो गया था। उनके तीन बेटे विनोद, राजकुमार और विजय रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं। पति की मौत के बाद जमीन की वरासत (राजस्व अभिलेखों में अपना और बेटों का नाम दर्ज कराने) के लिए उन्होंने गांव के कुछ रसूखदार लोगों पर भरोसा जताया।
महिला का आरोप है कि आरोपी उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाकर बांसी तहसील ले गए। पूरे रास्ते वे यही कहते रहे कि जमीन पर सुखना देवी और उनके बेटों का नाम चढ़वाया जा रहा है। लेकिन, एक सोची-समझी साजिश के तहत **14 मई 2026** को उनकी पूरी हिस्सेदारी का बैनामा कमलावती पत्नी रामचंद्र के नाम करा दिया गया।
**अनपढ़ होने का उठाया फायदा, मोबाइल नंबर भी बदला**
पीड़िता सुखना देवी ने बताया कि वह पूरी तरह अनपढ़ हैं। आरोपियों ने उनकी अज्ञानता का फायदा उठाया और उन्हें भनक तक नहीं लगने दी कि वरासत के बजाय जमीन का विक्रय पत्र (सेल डीड) तैयार कराया जा रहा है। धोखाधड़ी को छिपाने के लिए आरोपियों ने विक्रय पत्र में पीड़िता के असली मोबाइल नंबर की जगह किसी दूसरे अज्ञात व्यक्ति का नंबर दर्ज करा दिया।
**गांव में चर्चा होने पर खुला राज, नहीं मिला एक भी रुपया**
जब इस फर्जीवाड़े की चर्चा गांव में शुरू हुई, तो पीड़िता ने घबराकर अपने बेटों को फोन पर इसकी जानकारी दी। बेटों के घर लौटने और कागजात खंगालने पर इस महाधोखाधड़ी का खुलासा हुआ। महिला का साफ कहना है कि जमीन के बदले उन्हें एक भी रुपया नहीं दिया गया है।
**अधिकारियों का क्या है कहना?**
“14 मई को मैं किसी सरकारी कार्य से जिला मुख्यालय पर था। उस दिन जो बैनामा हुआ, वह निबंधन लिपिक अमित कुमार पांडे द्वारा किया गया था। हमारे स्तर पर पंजीकरण नियमानुसार ही कराया गया है।”
**राकेश राम, सब रजिस्ट्रार (बांसी)**
“पीड़िता द्वारा तहरीर प्राप्त हुई है। मामला बेहद गंभीर है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है, जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
**मृत्युंजय पाठक, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (बांसी)**