## शोहरतगढ़ में पुलिस को खुली चुनौती: थाने से 500 मीटर दूर महालक्ष्मी ज्वैलर्स में लाखों की सनसनीखेज चोरी

Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।**
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने पुलिसिंग को ठेंगा दिखाते हुए मुख्य मार्ग पर स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स की दुकान को देर रात अपना निशाना बनाया। चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब ₹32 हजार नकद समेत लगभग ₹1 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवर समेट कर रफूचक्कर हो गए।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात शोहरतगढ़ थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई। मुख्य बाजार और थाने के इतने नजदीक हुई इस बड़ी चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है।
**सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस**
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
**व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश**
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से शोहरतगढ़ के व्यापारियों और आम नागरिकों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित दुकानें ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और इस चोरी का खुलासा कर जल्द से जल्द माल बरामद किया जाए।

प्रतीकात्मक फोटो