📅 Published on: July 17, 2026
मोहम्मद फ़ज़ील फ़ारूक़ी ने 581 अंक और मोहम्मद क़ासिम फ़ारूक़ी ने 313 अंक हासिल कर सफलता की नई मिसाल कायम की
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर।डुमरियागंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसडिलिया ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। गांव की सादगी भरी फिजाओं और संघर्षपूर्ण माहौल से निकलकर दो होनहार युवाओं मोहम्मद फ़ज़ील फ़ारूक़ी और मोहम्मद क़ासिम फ़ारूक़ी ने NEET (UG) 2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे गांव, क्षेत्र और जिले का मान बढ़ाया है।मोहम्मद फ़ज़ील फ़ारूक़ी ने 720 में 581 अंक, 99.11 पर्सेंटाइल, ऑल इंडिया रैंक 17,398 तथा जनरल कैटेगरी रैंक 6,671 प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं मोहम्मद क़ासिम फ़ारूक़ी ने 313 अंक हासिल कर मेडिकल क्षेत्र में अपने सपनों की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। दोनों की सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन औरआत्मविश्वास के आगे हर मुश्किल रास्ता आसान हो जाता है।बसडिलिया गांव लंबे समय से शिक्षा,
सामाजिक सौहार्द और प्रतिभाओं के लिए जाना जाता रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के युवाओं में आगे बढ़ने का जज्बा हमेशा दिखाई देता है। फ़ज़ील और क़ासिम की उपलब्धि ने गांव के बच्चों में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार किया है। अब गांव के कई छात्र-छात्राएं भी मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
ग्रामीणों, शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दोनों होनहारों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बसडिलिया और सिद्धार्थनगर जिले के लिए गर्व का विषय है। लोगों ने विश्वास जताया कि दोनों भविष्य में एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे तथा अपने गांव और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।दोनों सफल छात्रों को चारों ओर से बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं। गांव में खुशी का माहौल है और हर कोई उनकी इस ऐतिहासिक सफलता को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और मिसाल बता रहा है।