📅 Published on: July 18, 2026
Kapilvastupost
**मिश्रौलिया , सिद्धार्थ नगर ** मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के बेलवा स्थित ‘सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया’ की शाखा में बुधवार आधी रात को चोरों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। अज्ञात चोर बैंक के पिछले हिस्से में बनी दीवार तोड़कर अंदर घुसने में कामयाब भी हो गए थे, लेकिन बैंक के हाई-टेक सुरक्षा सिस्टम और अलार्म ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
शौचालय के रास्ते बैंक में घुसा चोर, CCTV में कैद
शाखा प्रबंधक अरविंद कुमार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, बुधवार आधी रात को एक अज्ञात चोर (जिसका चेहरा ढंका हुआ था) बैंक के पीछे बने शौचालय की छत पर चढ़ा। वहाँ से उसने बैंक की पिछली दीवार की ३-४ ईंटें हटाकर अंदर प्रवेश किया। चोर की यह पूरी हरकत बैंक के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
अलार्म सिस्टम ने बचाए करोड़ों रुपये
जैसे ही चोर ने बैंक के भीतर कदम रखा, वहाँ लगे आधुनिक सर्विलांस सिस्टम ने किसी अज्ञात व्यक्ति की मौजूदगी को भांप लिया और तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। कंट्रोल टीम को इसकी सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी जानकारी शाखा प्रबंधक और स्थानीय पुलिस को दी गई। वहीं, बैंक की सुरक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों की हलचल बढ़ते ही चोर घबरा गया और उसी रास्ते से वापस भाग निकला, जहाँ से वह अंदर आया था।
जांच में जुटीं क्राइम ब्रांच और विजिलेंस की टीमें
गुरुवार सुबह होते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ बैंक अधिकारी, विजिलेंस टीम और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। थानाध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बैंक और उसके आसपास पुलिस की रात्रि गश्त की ड्यूटी तय होती है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर दीवार तोड़ने में कामयाब हो गए। अगर अलार्म समय पर न बजता, तो एक बड़ी चोरी हो सकती थी। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि क्या पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग सिर्फ कागजों तक ही सीमित है?