*सिद्धार्थनगर में भारी बारिश के बाद सड़कों पर उतरे DM शिवशरणप्पा GN; जलजमाव का निरीक्षण कर दिए तत्काल निकासी के निर्देश*

नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में खराब सड़के है और  कई वर्षों से उनका नए सिरे से निर्माण सड़कों के दोनों तरफ वर्तमान स्थित के अनुसार नला या नाली निर्माण नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में जलभराव से बचा जा सकता है।

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, 18 जुलाई 2026।
जनपद में हुई भारी बारिश के बाद नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर क्षेत्र के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। जनसामान्य को हो रही इस असुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) श्री शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को खुद मोर्चे पर उतरकर प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
**वी-मार्ट और हाइडिल तिराहा का लिया जायजा**
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से शहर के प्रमुख व्यवसायिक और आवागमन वाले केंद्रों, जैसे वी-मार्ट के सामने और हाइडिल तिराहा का जायजा लिया। इन जगहों पर पानी भरा होने के कारण राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को आ रही दिक्कतों को उन्होंने बेहद गंभीरता से लिया।
**लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नालों की सफाई के सख्त निर्देश**
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (EO) अजय कुमार सिंह को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि शहर के सभी बड़े और छोटे नालों की तत्काल सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा: “जिन भी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर पानी निकालने की समुचित और प्रभावी व्यवस्था की जाए। जल निकासी के काम में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि आमजन को जल्द से जल्द राहत मिल सके।”
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह के साथ नगर पालिका और राजस्व विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन अब शहर के निचले इलाकों से पंपों के जरिए पानी निकालने और अवरुद्ध नालियों को खोलने के काम में जुट गया है।