📅 Published on: July 18, 2026
गुरु जी की कलम से
**बढ़नी/ढेबरुआ:**
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के एनएच 730 भरौली स्थित ‘युग कृष्णा गैस एजेंसी’ गोदाम पर गैस सिलेंडर लेने गए एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों और मालिक पर बंधक बनाकर पीटने और जेब से 10 हजार रुपये छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने ढेबरुआ पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
**CCTV बंद कर कमरे में पीटा, जबरन बदली टी-शर्ट**
मिली जानकारी के अनुसार, भरौली गांव निवासी जीतराम चौधरी (पुत्र रामकिशुन चौधरी) गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर लेने के लिए भरौली गोदाम पर गए थे। वे लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान दोपहर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज की। इसके बाद एजेंसी के ‘राजन’ नाम के एक कर्मचारी ने उन्हें प्यार से बुलाकर अंदर ले गया।
**पीड़ित का आरोप:** “जैसे ही मैं अंदर गया, गैस एजेंसी के मालिक ने तुरंत सीसीटीवी (CCTV) कैमरा बंद कर दिया। इसके बाद एजेंसी के 4-5 कर्मचारियों ने मिलकर मुझे अंदर बंद कर दिया और बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा। मेरी जेब में धान की रोपाई के लिए रखे ₹10,000 भी उन लोगों ने निकाल लिए।”
पीड़ित ने यह भी बताया कि मारपीट के दौरान उसकी क्रीम रंग की टी-शर्ट फट गई थी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने उसे जबरन नीले रंग की टी-शर्ट पहनाकर एजेंसी से बाहर निकाला।
**थाना प्रभारी और एजेंसी संचालक का पक्ष**
इस संबंध में जब ढेबरुआ थाना प्रभारी के सीयूजी (CUG) नंबर **9454404230** पर संपर्क किया गया, तो वहां से जानकारी मिली कि थाना प्रभारी इस समय उपलब्ध नहीं हैं और दो-तीन घंटे बाद ही बात हो पाएगी। फोन उठाने वाले कर्मी ने शिकायती पत्र के संबंध में अनभिज्ञता जताई।
वहीं दूसरी ओर, आरोपों के घेरे में आई गैस एजेंसी के संचालक का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आ रहा था, जिसके कारण उनका पक्ष नहीं जाना जा सका। फिलहाल पीड़ित न्याय के लिए पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।