📅 Published on: July 29, 2026
गुरु जी की कलम से
**सिद्धार्थनगर।** सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत इटवा-बढ़नी मार्ग पर स्थित रामनगर गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बढ़नी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान और घारी (पशुशाला) में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर दो टुकड़ों में बंट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
इस भयावह हादसे में घर के भीतर मौजूद 20 वर्षीय युवक सूरज यादव की मौके पर ही दबकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सूरज, राम प्रसाद यादव का पुत्र था और छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह गांव के ही बरसाती इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा का छात्र था। सूरज की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
13 मवेशियों ने तोड़ा दम, कई लोग और पशु घायल
हादसा केवल इंसानी जिंदगी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि घारी में बंधे बेजुबान भी इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से 9 भैंसों और 4 गायों (कुल 13 मवेशी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दुर्घटना में गांव के हरिराम (56) पुत्र अवध बिहारी और राम आसरे यादव (70) पुत्र भल्लू गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके की आवाज सुन दौड़े ग्रामीण, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के समय ऐसा लगा जैसे कोई जोरदार धमाका हुआ हो। आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों व पशुओं को बाहर निकालने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके बाद शोहरतगढ़ के एसडीएम राजेश कुमार, सीओ मयंक द्विवेदी, थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह और पशुपालन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रशासनिक टीम दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार के कारण ट्रेलर का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।