सिद्धार्र्थनगर: ट्रक में पीछे से घुसी अनियंत्रित बुलेट, बलरामपुर के युवक की मौत, 3 घायल

**ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर हुआ हादसा; एक ही बाइक पर सवार थे चार युवक**

गुरु जी की कलम से
*ढेबरुआ (सिद्धार्थनगर)।*
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर एक बुलेट मोटरसाइकिल सड़क पर आगे जा रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में बुलेट पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं, अन्य तीन घायलों का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया है।
देर रात साढ़े 11 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के गैसड़ी निवासी **तुफैल अहमद (43)** अपने साथियों ढेबरुआ थाना क्षेत्र के घरआर निवासी **आकाश (38)**, **गोलू (30)** और **विष्णु (31)** के साथ रविवार रात एक ही बुलेट बाइक पर सवार होकर पचपेड़वा से बढ़नी की तरफ आ रहे थे।
देर रात करीब 11:30 बजे जैसे ही वे अमन हॉस्पिटल के सामने पहुंचे, बुलेट अनियंत्रित हो गई और सड़क की पटरी पर बेतरतीब ढंग से गुजर रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
PHC से मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए घायल
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने तुरंत सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बढ़नी पहुंचाया।
वहां मौजूद डॉक्टर **प्रदीप कुमार वर्मा** ने प्राथमिक उपचार के बाद तुफैल अहमद समेत चारों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ‘माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज’ रेफर कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान **तुफैल अहमद की मौत हो गई**। वहीं, डॉक्टरों ने आकाश, गोलू और विष्णु को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर घर भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।