सिद्धार्थनगर में जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर युवक को किया अधमरा, हालत गंभीर

Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।** जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र स्थित बुढ्ढी खास गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक दर्दनाक और हिंसक वारदात सामने आई है। दबंगों ने पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद में 44 वर्षीय गोवर्धन चौहान पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अधमरी हालत में छोड़कर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल गोवर्धन चौहान को पिकअप वाहन के जरिए त्रिलोकपुर थाने पहुंचाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इस खूनी संघर्ष के बाद से बुढ्ढी खास गांव में भारी तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की पूरी जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।