📅 Published on: July 29, 2026
Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।** जिले के करीमपुर महापाली चौराहे पर स्थित अजय गुप्ता के घर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीती रात से अचानक सांप के बच्चे निकलने का सिलसिला शुरू हुआ। देखते ही देखते घर के कोने-कोने से एक के बाद एक करीब 30 सांप के बच्चे बाहर निकल आए। सांपों के लगातार निकलने से न केवल परिवार के लोग सदमे में हैं, बल्कि पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया है।
परिजनों ने बताया कि सांप के बच्चे निकलने की प्रक्रिया अब भी रुक नहीं रही है। जैसे ही इस घटना की खबर फैली, मौके पर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया। हर कोई इस अजीबोगरीब और डरावनी स्थिति को देखकर हैरान है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने तत्काल सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ (स्नेक कैचर) को बुलाया। विशेषज्ञ फिलहाल घर के कोने-कोने की तलाश लेकर सांप के बच्चों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
हालांकि, अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि इतने सारे सांप के बच्चे घर के अंदर कहां से आ रहे हैं या इनका मुख्य बसेरा कहां है। दहशत के साए में जी रहे परिवार के सदस्य शासन-प्रशासन और वन विभाग से त्वरित मदद की गुहार लगा रहे हैं, वहीं आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।