सिद्धार्थनगर: चिल्हियां बाजार में खाना बनाते समय सिलेंडर से लगी भीषण आग, पड़ोसियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Kapilvastupost
**शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।**
थाना चिल्हियां क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिल्हियां बाजार में बुधवार देर रात खाना बनाते समय एक घर में अचानक एलपीजी सिलेंडर से भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, चिल्हियां बाजार निवासी लाल बिहारी वर्मा के घर में महिलाएं रात का खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर के पाइप से गैस रिसाव (लीकेज) होने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
छत के रास्ते कूदकर बचाई जान
आग फैलते देख महिलाएं और बच्चे जान बचाने के लिए छत की सीढ़ियों के जरिए ऊपर भागे और पड़ोसियों के मकान की तरफ कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने दिखाया साहस, पाया आग पर काबू
शोर-गुल सुनकर आसपास के मोहल्लेवासी भारी संख्या में एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सबसे पहले गैस सिलेंडर की पाइप को चूल्हे से अलग किया। इसके बाद बोरा, पानी और बालू का इस्तेमाल कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। ग्रामीणों की इस त्वरित सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।