​पंडित डिहवा नहर में डूबी 15 वर्षीय किशोरी, भवानीगंज के चौरा बनगवा नहर फाटक पर मिला शव

Kapilvastupost
**भवानीगंज (सिद्धार्थनगर/बलरामपुर)।** भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरा बनगवा नहर फाटक के पानी में गुरुवार शाम एक 15 वर्षीय किशोरी का शव उतराता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराई और परिजनों को बुलाकर पंचनामा भरने के बाद शव सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे चौरा बनगवा नहर फाटक के पास बकरी चरा रहे ग्रामीणों ने पानी में एक शव तैरता देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत भवानीगंज थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही भवानीगंज पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के दौरान मृतका की पहचान सोनी (15 वर्ष) पुत्री कैलाश चंद्र, निवासी तन्निहिवा दुभरा (थाना गैंडास बुजुर्ग, जनपद बलरामपुर) के रूप में हुई।
भवानीगंज थाना प्रभारी विजय शंकर सिंह ने बताया कि किशोरी बुधवार सुबह लगभग 9 बजे पंडित डिहवा नहर में अनियंत्रित होकर गिर गई थी। जिसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। गुरुवार को उसका शव भवानीगंज क्षेत्र में चौरा बनगवा नहर फाटक के पास से बरामद हुआ। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।