📅 Published on: August 1, 2026
Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।** खेसरहा थाना क्षेत्र के सोनौरा मार्ग पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मरवटिया बाजार से घर लौट रहे 48 वर्षीय हरिओम उर्फ दिनेश त्रिपाठी की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पोखर (तालाब) में जा गिरी। पानी में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
लावारिस मोबाइल से मिली हादसे की आहट
घटना का खुलासा तब हुआ जब सोनौरा मार्ग से गुजर रहे एक राहगीर की नजर सड़क पर पड़े एक मोबाइल फोन पर पड़ी। राहगीर ने आसपास जब ध्यान से देखा और छानबीन शुरू की, तब पता चला कि एक बाइक सवार व्यक्ति अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरा है।
सूचना फैलते ही देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद हरिओम को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक
मृतक की पहचान बनौली गांव निवासी हरिओम उर्फ दिनेश त्रिपाठी के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। देर शाम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
हरिओम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वे अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनके दोनों बेटे, अष्टभुजा और रत्नाकर, दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। पिता के अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बंधाया ढांढस
हादसे की जानकारी मिलते ही तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव, हल्का लेखपाल रामकरन और रोशन लाल मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और शासन की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने सड़क किनारे सुरक्षा की मांग की
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सोनौरा मार्ग पर सड़क से ठीक सटा हुआ तालाब है, जिससे यह मोड़ हादसों के लिहाज से बेहद संवेदनशील बन चुका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सोनौरा मार्ग पर तालाब के किनारे सुरक्षा घेरा (बैरिकेटिंग) या पुख्ता इंतजाम कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।