📅 Published on: August 3, 2026
Kapilvastupost
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व जिला महासचिव शमीम अहमद ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और चारों तरफ ‘जंगलराज’ जैसी स्थिति बन गई है।
महंगाई और बेरोजगारी से जनता बेहाल
शमीम अहमद ने कहा कि आज डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो चुकी है, जिससे आम जनता का जीना दूभर हो गया है। महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार अपनी इन नाकामियों और जनता की समस्याओं को छिपाने के लिए “बारा साल बेमिसाल” का झूठा ढिंढोरा पीटने में मस्त है, जबकि धरातल पर जनहित का कोई काम नहीं हो रहा है।
अपराधों से भयभीत आम जनता
प्रदेश की बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए बसपा नेता ने कहा कि आए दिन हत्या, लूट और डकैती जैसी संगीन वारदातें हो रही हैं। अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता खौफ के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति और कानून का राज केवल कागजों तक सीमित रह गया है।
‘2027 में बसपा ही विकल्प, बहन मायावती की ओर देख रही जनता’
शमीम अहमद ने कहा कि प्रदेश में पूर्ण शांति और कानून का शासन स्थापित करने के लिए बहुजन समाज पार्टी की सरकार बेहद जरूरी है। आज प्रदेश की जनता आशा भरी निगाहों से बसपा सुप्रीमो बहन कुमारी मायावती जी की तरफ देख रही है।
कार्यकर्ताओं से ‘बूथ मजबूत’ करने का आह्वान
पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए पूर्व जिला महासचिव ने अपील की कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी मजबूती के साथ जुट जाएं। उन्होंने **”अपना बूथ करो मजबूत”** अभियान को और गति देने का आह्वान किया, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाई जा सके।