📅 Published on: August 3, 2026
Kapilvastupost
बर्डपुर (सिद्धार्थनगर):
मोहाना थाना क्षेत्र के खलीलपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत पिपरा गांव में शनिवार रात बेहद दुखद हादसा सामने आया। गांव निवासी मजनू गौतम (45 वर्ष) शनिवार की रात अपने बेटे मंगेश के साथ सरयू कैनाल नहर में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने गए थे।
जाल बिछाने के लिए मजनू नहर के पानी में उतरे, लेकिन फिर वापस बाहर नहीं निकल सके। पिता को पानी से बाहर न आते देख साथ गया बेटा घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नहर में उनकी तलाश शुरू की। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मजनू को बाहर निकाला और तुरंत बर्डपुर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मजनू पेशे से बढ़ई का काम करके अपने परिवार का पेट पालते थे। उनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें से अभी दो बेटों और एक बेटी की शादी होना बाकी है। उनकी अचानक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सीओ विश्वजीत सौरयान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना आया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।