📅 Published on: August 3, 2026
गुरु जी की कलम से
**सिद्धार्थनगर/बढ़नी।** जाम के झाम से बचने और जल्दबाजी के चक्कर में लोग किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हैं, इसका प्रत्यक्ष उदाहरण आज सुबह बढ़नी रेलवे फाटक पर देखने को मिला। यहाँ ट्रेन आने के निर्धारित समय पर जब गेटमैन रेलवे फाटक (लेवल क्रॉसिंग) बंद कर रहा था, तभी दो ऑटो चालक नियमों को ताक पर रखकर तेजी से फाटक के भीतर घुस गए।
जब तक चालक कुछ समझ पाते, गेटमैन ने नियमानुसार फाटक पूरी तरह बंद कर दिया। फाटक बंद होते ही दोनों ऑटो-रिक्शा बीचों-बीच फंस गए। आनन-फानन में ऑटो चालकों ने स्थिति को सँभालते हुए गाड़ियों को किनारे लगाने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि समय रहते सतर्कता बरतने से एक बड़ा और जानलेवा हादसा होने से टल गया।
**प्रशासन सख्त, वाहन कब्जे में**
रेलवे फाटक पर चालकों की इस लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही RTO विभाग एवं स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ऑटो-रिक्शा को अपने कब्जे में ले लिया है और चालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
**चेतावनी:** रेलवे क्रासिंग पर जल्दबाजी न केवल आपके और यात्रियों के जीवन के लिए घातक साबित हो सकती है, बल्कि ट्रेन के परिचालन में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करती है। सुरक्षा नियमों का पालन करें, सतर्क रहें।