हरिद्वार से लौट रहे युवक की बस में संदिग्ध हालात में मौत, परिवार में मचा कोहराम

Nizam Ansari 
**डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर):**
हरिद्वार से रोजगार के सिलसिले में गए डुमरियागंज के एक युवक की घर लौटते समय रोडवेज बस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
**तबीयत बिगड़ने पर इलाज कराकर लौट रहा था घर**
जानकारी के अनुसार, भवानीगंज थाना क्षेत्र के बढ़नी चाफा वार्ड (अशोक नगर लोनिया डीह) निवासी रविंद्र उर्फ बब्बू चौहान (40) पुत्र बाकेलाल चौहान करीब 10 दिन पहले काम-धंधे के सिलसिले में हरिद्वार गए थे। वहां अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद इलाज कराकर वह वापस अपने घर लौट रहे थे।
**उतरौला बस स्टैंड पर बेहोश मिले, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत**
बताया जाता है कि गुरुवार को गोंडा पहुंचने के बाद रविंद्र ने उतरौला के लिए रोडवेज बस पकड़ी। जैसे ही बस उतरौला बस स्टैंड पहुंची, वह सीट पर ही बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों और बस स्टाफ की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
**पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, सांत्वना देने पहुंचे लोग**
सूचना मिलते ही परिजन उतरौला पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलरामपुर भेजा। गुरुवार रात करीब 10 बजे शव गांव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की खबर मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मराज वर्मा और सभासद जुग्गीलाल चौहान सहित कई गणमान्य लोगों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और शोक संवेदना व्यक्त की।
**पुलिस का बयान**
भवानीगंज थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि घटना बलरामपुर जनपद के उतरौला थाना क्षेत्र की है, जहां की पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।