📅 Published on: August 3, 2026
Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर (डुमरियागंज)।** तहसील क्षेत्र के भवानीगंज थाना अंतर्गत वासा दरगाह स्थित जामिया इस्लाहुल बनात निस्वा कॉलेज में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
चोर विद्यालय परिसर में दाखिल होकर चार सीलिंग फैन (छत के पंखे) और एक पानी की मोटर चुरा ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने विद्यालय के कार्यालय में रखी अलमारी का ताला भी तोड़ दिया। इसी अलमारी में संस्थान के महत्वपूर्ण रजिस्टर और आवश्यक दस्तावेज रखे जाते हैं। फिलहाल विद्यालय प्रशासन इस बात की गहन जांच कर रहा है कि अलमारी में रखे सभी दस्तावेज सुरक्षित हैं या उनके साथ कोई छेड़छाड़ हुई है।
112 पर दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आपातकालीन सेवा यूपी-112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही भवानीगंज पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
विद्यालय प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई की मांग
विद्यालय प्रशासन ने स्थानीय पुलिस से चोरी का जल्द से जल्द खुलासा करने और घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की सूचना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।