बड़ी खबर – नेपाल में बिगड़ते हालात के बीच सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 60 किलो सल्फर के साथ प्रतापगढ़ का युवक गिरफ्तार
📅 Published on: August 5, 2026
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 50वीं वाहिनी ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके से एसएसबी की टीम ने 60 किलोग्राम संदिग्ध सल्फर के साथ एक युवक को दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी बाइक के जरिए इस प्रतिबंधित/संदिग्ध खेप को सीमा पार ले जाने की फिराक में था।
3 अगस्त की सुबह गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई
घटना की जानकारी देते हुए एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि 3 अगस्त की सुबह लगभग 10:50 बजे बी कंपनी (महादेव बुजुर्ग) के कंपनी प्रभारी को गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि बसंतपुर गांव के पास से एक व्यक्ति बाइक पर संदिग्ध सामान लेकर नेपाल की ओर जाने की कोशिश कर रहा है।
सूचना की सत्यता जांचने के लिए कंपनी प्रभारी ने तुरंत उप निरीक्षक बब्लू बसुनिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया और नाकाबंदी कर जांच शुरू की।
बाइक से 60 किलो सल्फर बरामद, आरोपी की पहचान
जांच के दौरान टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 60 किलोग्राम सल्फर बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान: रितेश सिंह (उम्र 22 वर्ष)
निवासी: उच्छापुर, थाना उदयपुर, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)
सीमा शुल्क कार्यालय (कस्टम) बढ़नी को सौंपा गया
एसएसबी की टीम ने पूछताछ के बाद आरोपी युवक, बरामद 60 किलो सल्फर और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय (कस्टम), बढ़नी के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस और कस्टम विभाग अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि इतने बड़े पैमाने पर सल्फर कहाँ से लाया गया था और इसका क्या उपयोग किया जाना था।
प्रतीकात्मक फोटो


