भारत-नेपाल सीमा पर SSB का बड़ा एक्शन: 10.18 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

गुरु जी की कलम से

बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (SSB) की ‘सी’ कंपनी, बढ़नी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी जवानों ने घेराबंदी कर एक युवक को 10.18 ग्राम स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है।

गोपनीय सूचना पर एसएसबी ने बिछाया जाल

जानकारी के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 की रात लगभग 8 बजे ‘सी’ कंपनी बढ़नी के प्रभारी दीपक चंद को गुप्त सूचना मिली कि बलरामपुर की ओर से एक संदिग्ध युवक मादक पदार्थ लेकर ग्राम सेवरा (बढ़नी) की तरफ आ रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक चूरामणि के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष नाका टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थान पर तैनात कर दिया गया।

चेकिंग के दौरान मिली सफलता

नाकाबंदी के दौरान एक काली मोटरसाइकिल (संख्या UP-55 BA-2268) पर आ रहे युवक को रोककर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम आशीष कुमार (पुत्र पशुपति), निवासी ग्राम सेवरा, थाना ढेबरुआ, जनपद सिद्धार्थनगर बताया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसके पास स्मैक मौजूद है। इसके बाद कंपनी प्रभारी दीपक चंद की मौजूदगी में ली गई तलाशी में उसके कब्जे से 10.18 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, भेजा गया जेल

एसएसबी ने जब्त स्मैक, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार अभियुक्त को थाना ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सीमा पर चौकसी रहेगी जारी: एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई भारतीय क्षेत्र के सीमा स्तंभ संख्या 569 से लगभग 3.5 किलोमीटर अंदर की गई है। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए सघन तलाशी और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।