Prime time special सिद्धार्थनगर: स्कूल में मिड-डे मील के दौरान हादसा, गर्म दाल गिरन से 6 बच्चे झुलसे, BSA ने दिए जांच के आदेश
📅 Published on: August 6, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के नौगढ़ ब्लॉक अंतर्गत पुरानी नौगढ़ कंपोजिट प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील वितरण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। भोजन लेने पहुंचे छह बच्चे अचानक गर्म दाल का बर्तन गिरने से झुलस गए। इस घटना से स्कूल परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में खाना बनने के बाद बच्चे किचन में मिड-डे मील (भोजन) लेने पहुंचे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच आपसी धक्का-मुक्की हो गई, जिससे गर्म दाल से भरा बर्तन नीचे गिर गया। दाल की चपेट में आने से 8 से 10 वर्ष की उम्र के छह छात्र-छात्राएं आंशिक रूप से झुलस गए।
घायल बच्चों के नाम: हादसे में झुलसने वाले बच्चों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है: सत्य प्रकाश ,गुड्डू ,सिद्धार्थ ,संदीप कुमार ,प्रवेश (गुड्डू पुत्र राम सुमेर) और अंशिका
माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती, जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद सभी झुलसे हुए बच्चों को उपचार के लिए माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच बच्चों को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया है, जबकि एक बच्ची अभी भी अस्पताल में भर्ती है। चिकित्सकों का कहना है कि बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है।
लापरवाही मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई: मामले की सूचना मिलते ही बेसिक शिक्षा विभाग हरकत में आ गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। बीएसए ने स्पष्ट कहा है कि जांच में यदि किसी भी शिक्षक या स्कूल स्टाफ की लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रतीकात्मक फोटो


