📅 Published on: August 8, 2026
BDC सदस्य कुलदीप चौरसिया व समाजसेवी रोशन कनौजिया ने घायल को पहुँचाया अस्पताल, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
नवरंगी यादव मिश्रौलिया / सिद्धार्थनगर।
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चेतिया चौकी स्थित मालीजोत चौराहा के पास (रेहरा मोड़) शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिगनिहवां-चेतिया मार्ग पर मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि साइकिल सवार स्कूली छात्र गनीमत रही कि पूरी तरह सुरक्षित है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही साइकिल से सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान संदीप (उम्र 28 वर्ष), पुत्र रमेश, निवासी धोबहा (थाना कठेला) के रूप में हुई है।
मानवता की मिसाल: BDC सदस्य और समाजसेवी ने तुरंत पहुँचाया अस्पताल
घटना के तत्काल बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही BDC सदस्य कुलदीप चौरसिया और समाजसेवी रोशन कनौजिया बिना देर किए मौके पर पहुँचे। दोनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल संदीप को उपचार के लिए जनसेवा हॉस्पिटल एंड फ्रैक्चर क्लिनिक, मालीजोत चौराहा (सिद्धार्थनगर) में भर्ती कराया।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार घायल संदीप की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी संदीप के परिजनों को दे दी गई है, जो अस्पताल के लिए रवाना हो चुके हैं।
सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुँची पुलिस
एक तरफ जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने तत्परता दिखाकर घायल की जान बचाने का प्रयास किया, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय पुलिस की लापरवाही देखने को मिली। चेतिया पुलिस चौकी को घटना की तुरंत सूचना दिए जाने के बावजूद, समाचार लिखे जाने तक पुलिस का कोई भी प्रतिनिधि या जवान मौके पर नहीं पहुँचा था। इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों में रोष देखा जा रहा है।