लखनऊ से लौट रहीं भाजपा नेत्री साधना चौधरी की कार तुलसीपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त, सीने में लगी चोट; हालत खतरे से बाहर

गुरु जी की कलम से बढ़नी, सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जिले की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री साधना चौधरी रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब वह लखनऊ से वापस बढ़नी लौट रही थीं। तुलसीपुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की खबर फैलते ही जिले और क्षेत्र में शुभचिंतकों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई।

सीने में लगी चोट, कराए गए एक्स-रे और सीटी स्कैन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में साधना चौधरी के सीने में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें चिकित्सकीय देखभाल में ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक परीक्षण किया। डॉक्टरों की सलाह पर चोट की अंदरूनी स्थिति का पता लगाने के लिए उनका एक्स-रे और सीटी स्कैन भी कराया गया है।

चिकित्सकों के मुताबिक, फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। हालांकि, अंदरूनी चोटों की सटीक जानकारी विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

आवास पर समर्थकों का जमावड़ा, शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

जैसे ही साधना चौधरी के एक्सीडेंट की सूचना क्षेत्र में फैली, उनके समर्थक, परिचित और पार्टी कार्यकर्ता उनका हालचाल जानने के लिए उनके आवास पर एकत्र होने लगे।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों नगर पंचायत बढ़नी अध्यक्ष सुनील अग्रहरि , राजकुमार अग्रहरि , राज कुमार शाही , त्रियुगी अग्रहरि , मुन्नू मौर्य , अखिलेश अग्रहरि अंशुल जायसवाल, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने ईश्वर से उनके शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। दुर्घटना की खबर से समर्थकों में बेचैनी जरूर दिखी, लेकिन डॉक्टरों द्वारा उन्हें खतरे से बाहर बताए जाने पर सभी ने राहत की सांस ली।

फिलहाल, सभी शुभचिंतकों और परिजनों की निगाहें उनकी मेडिकल जांच की विस्तृत रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।