डुमरियागंज में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: अल-हयात अस्पताल सील; मॉडर्न हास्पिटल और सिदरा डायग्नोस्टिक समेत आधा दर्जन को नोटिस

Kapilvastupost

डुमरियागंज। कस्बा सहित आसपास के क्षेत्रों में संचालित अवैध और मानकविहीन अस्पतालों व जांच केंद्रों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को एसडीएम विवेकानंद मिश्र और सीएचसी बेंवा अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी की संयुक्त टीम ने कई स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों में गंभीर खामियां मिलने पर अल-हयात हॉस्पिटल के डायलिसिस व अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया। वहीं, निरीक्षण की भनक लगते ही बंद कर भागे मॉडर्न हास्पिटल (बेंवा) और सिदरा डायग्नोस्टिक सेंटर (बैदौलागढ़) समेत आधा दर्जन प्रतिष्ठानों पर नोटिस चस्पा कर जवाब तलब किया गया है।

अल-हयात हॉस्पिटल का डायलिसिस व अल्ट्रासाउंड सेंटर सील

जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर एसडीएम विवेकानंद मिश्र, सीएचसी बेंवा अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी और डॉ. राम किशोर प्रजापति की टीम अल-हयात हास्पिटल पहुंची।

कागजातों में मिली भारी गड़बड़ी: जांच के दौरान अस्पताल में संचालित डायलिसिस एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर से संबंधित वैध व आवश्यक चिकित्सीय अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

मौके पर सीलिंग कार्रवाई: अभिलेखों में खामियां पाए जाने पर प्रशासनिक टीम ने तुरंत प्रभाव से डायलिसिस व अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया और संचालकों को नोटिस जारी किया।

मॉडर्न हास्पिटल व सिदरा डायग्नोस्टिक समेत बंद मिले केंद्रों पर नोटिस चस्पा

कार्रवाई की सूचना फैलते ही क्षेत्र के कई अन्य निजी अस्पताल और पैथोलॉजी संचालक अपने केंद्र बंद करके खिसक गए।

बैदौला और बेंवा क्षेत्र में करीब आधा दर्जन पैथोलॉजी, क्लीनिक और जांच केंद्र ताला बंद करके गायब मिले।

टीम ने मौके पर ही मॉडर्न हास्पिटल (बेंवा) तथा सिदरा डायग्नोस्टिक सेंटर (बैदौलागढ़) समेत अन्य बंद मिले केंद्रों के दरवाजों पर नोटिस चस्पा कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण मांगा है।

पंजीकरण व मानकों की जांच जारी, होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने स्पष्ट किया कि जांच समिति क्षेत्र के सभी निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों के पंजीकरण, डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की योग्यता तथा शासन के तय मानकों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर जो भी अस्पताल या जांच केंद्र दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”विवेकानंद मिश्र, एसडीएम (डुमरियागंज)