📅 Published on: August 13, 2026
Kapilvastupost
लोकेशन: सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर। जनपद मुख्यालय स्थित आजाद नगर मोहल्ले में बीती रात बेखौफ दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। दवा लेने जा रहे युवाओं पर धारदार हथियार और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में फैसल, अजहर और जैनुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रास्ते में घेराबंदी कर ईंट-पत्थरों से रोका, फिर किया हमला
मामले में पीड़ित विमल पांडेय द्वारा सिद्धार्थनगर थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, वह अपने साथी आदर्श त्रिपाठी, अनिमेष कुमार और फैसल के साथ कार से दवा लेने बाजार जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में आजाद नगर निवासी बड़का, समीर, गोलू उर्फ रेहान, इमरान, अकबर अली और उनके अन्य साथियों ने हाथ में धारदार हथियार लहराते हुए तथा ईंट-पत्थर फेंककर उनकी कार रोकने की कोशिश की।
इस गुंडागर्दी की शिकायत जब पीड़ित स्थानीय थाने में दर्ज कराकर वापस लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने फैसल को अकेला पाकर उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला बोल दिया।
बचाने पहुंचे साथियों को भी किया लहूलुहान
फैसल की चीख-पुकार सुनकर जब अजहर और जैनुद्दीन उसे बचाने दौड़े, तो आरोपियों ने उन पर भी रहम नहीं खाया और धारदार हथियार से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल, लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर और सिद्धार्थनगर थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना में शामिल कुछ युवकों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उन पर विभिन्न थानों में चोरी, लूट और चाकूबाजी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की शिथिलता के कारण ही इन अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।