गोरखपुर हत्याकांड और सुल्तानपुर की बर्बरता के खिलाफ गर्माया माहौल: न्याय की मांग को लेकर सिद्धार्थनगर कलेक्ट्रेट में अनशन, उमड़ा जनसमर्थन
📅 Published on: August 12, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर के सिकरीगंज निवासी शिव कुमार तिवारी की निर्मम हत्या और सुल्तानपुर निवासी अजय तिवारी के साथ हुई दरिंदगी की घटना को लेकर ब्राह्मण समाज सहित आम जनमानस में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। बर्बरता का आलम यह रहा कि बेटे अजय तिवारी के साथ हुई इस खौफनाक वारदात के सदमे को पिता बर्दाश्त न कर सके और उनकी भी मौत हो गई।
कलेक्ट्रेट परिसर में अनशन, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर सिद्धार्थनगर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन अनशन जारी है। अनशन पर बैठे अजय उपाध्याय और रामस्वरूप पांडेय के समर्थन में लगातार विभिन्न संगठनों व समाज के प्रबुद्ध लोगों का जमावड़ा लग रहा है। धरना स्थल पर पहुँचकर लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और एकजुट होकर न्याय की आवाज़ बुलंद की।
प्रमुख मांगें:
निष्पक्ष जाँच: पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जाँच कराई जाए।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई: हत्या और बर्बरता में शामिल सभी आरोपियों को त्वरित न्याय प्रक्रिया के तहत सख्त से सख्त सजा दी जाए।
पीड़ित परिवार को सुरक्षा व सहायता: पीड़ित परिवारों को पर्याप्त सुरक्षा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।


