सिद्धार्थनगर – डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के पिपरा रामलाल गांव में 1968 से चल रहे मदरसे को प्रशासन ने किया ध्वस्त, 7 जेसीबी से हुई बुलडोजर कार्रवाई; सपा नेताओं और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश): जिले के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र स्थित पिपरा रामलाल गांव में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘अरबिया जियाउल उलूम’ मदरसे को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के मुताबिक, यह निर्माण सरकारी जमीन पर अवैध रूप से किया गया था। ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए भारी पुलिस बल, राजस्व कर्मी और 7 जेसीबी मशीनें मौके पर तैनात रहीं।

मदरसा गिराए जाने की खबर फैलते ही समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। इस दौरान सपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी बहस और नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला।

15 अगस्त के दिन देश की आजादी का जश्न मनाती स्कूल की छात्र छात्राएं

1968 से चल रहा था मदरसा, 350 बच्चे ले रहे थे तालीम मदरसा प्रबंधन के अनुसार, इस संस्थान का निर्माण वर्ष 1968 में हुआ था और इसमें लगभग 350 बच्चे उर्दू की तालीम हासिल कर रहे थे। व्यवस्थापक और ग्राम प्रधान इरशाद अहमद ने बताया कि मदरसा वक्फ बोर्ड में पंजीकृत है और जमीन के अभिलेखों में मदरसा संचालक अब्दुल सलाम (जो वर्तमान में मुंबई में हैं) का नाम दर्ज है।

इरशाद अहमद का आरोप है कि चकबंदी विभाग में मामला लंबित होने और मंडलायुक्त बस्ती मंडल द्वारा जांच के निर्देश के बावजूद प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के मंगलवार शाम साढ़े चार बजे यह ध्वस्तीकरण कर दिया।

प्रशासन का पक्ष: कोर्ट के आदेश के बाद हुई कार्रवाई अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने प्रशासन का रुख स्पष्ट करते हुए बताया कि गाटा संख्या 1028 और 1029 सरकारी भूमि के रूप में दर्ज हैं, जिस पर अवैध रूप से मदरसा और मस्जिद बनाई गई थी।

उन्होंने बताया कि तहसीलदार डुमरियागंज के न्यायालय में दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद बेदखली का आदेश जारी हुआ था। इसके खिलाफ जिलाधिकारी न्यायालय में अपील की गई थी, लेकिन अपील खारिज होने के बाद ही नियमानुसार सुरक्षा बलों की मौजूदगी में इस अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त किया गया है।

कार्रवाई के बाद से इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है।