📅 Published on: August 20, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के बांसी-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर करही चौराहे के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्र के कबरा गांव निवासी सतीश (28) पुत्र सर्वजीत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता सफाईकर्मी हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे सतीश करही स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद घर लौट रहा था।
पेट्रोल पंप से निकलकर जैसे ही वह चौराहे से पश्चिम की ओर मुड़ा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सतीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शिवनगर डिडई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष बृजेश सिंह के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।