चाय की दुकान पर बहस के बाद LIC एजेंट पर हमला, कांच का गिलास मारकर चेहरे को किया लहूलुहान; मामला दर्ज
📅 Published on: September 1, 2026
Kapilvastupost
भनवापुर (सिद्धार्थनगर): त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ऊ चौराहे पर सोमवार सुबह एक चाय की दुकान पर मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के एजेंट के चेहरे पर गर्म चाय फेंक दी और फिर टूटे हुए कांच के गिलास से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है।
‘LIC एजेंट बेईमान होते हैं’ टिप्पणी पर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, बुढ़ऊ गांव निवासी अज्ञाराम, जो LIC एजेंट हैं, सोमवार सुबह करीब आठ बजे गांव के चौराहे पर चाय पीने गए थे। वहां पहले से मौजूद गांव के ही रामपाल मौर्य भी चाय पी रहे थे। आरोप है कि रामपाल ने अज्ञाराम को देखकर टिप्पणी की कि “LIC एजेंट बेईमान होते हैं।”
जब अज्ञाराम ने इस बात का विरोध किया और पूछा कि किसी एजेंट ने उनके साथ क्या बेईमानी की है, तो रामपाल आपा खो बैठे।
चेहरे और होंठ पर आई गंभीर चोटें आक्रोशित होकर आरोपी ने अज्ञाराम के मुंह पर गर्म चाय फेंक दी और हाथ में पकड़े कांच के गिलास को तोड़कर सीधे उनके चेहरे पर वार कर दिया। इस हमले में एजेंट का चेहरा और होंठ बुरी तरह कट गए और वे लहूलुहान हो गए। आरोप है कि हमले के दौरान आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस घटना के वक्त दुकान पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर अज्ञाराम को बचाया, जिसके बाद पीड़ित ने सीधे थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दी।
थानाध्यक्ष का बयान: थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर, हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


