सिद्धार्थनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन: 2.48 लाख से अधिक मुकदमों का निस्तारण, ₹12.86 करोड़ से अधिक की वसूली

देवेंद्र श्रीवास्तव 

उसका बाजार (सिद्धार्थनगर)। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय की अध्यक्षता में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस लोक अदालत का आयोजन सिविल कोर्ट सिद्धार्थनगर सहित बाह्य स्थित न्यायालय बांसी, डुमरियागंज, ग्राम न्यायालय इटवा, जिला कारागार सिद्धार्थनगर तथा समस्त राजस्व, चकबंदी न्यायालयों एवं बैंकों से संबंधित विवादों के त्वरित निस्तारण के लिए किया गया था।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जनपद न्यायाधीश अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय, अन्य न्यायिक अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया गया।

2,48,847 मामलों का हुआ निस्तारण

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर के तत्वाधान में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,48,847 मुकदमों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इसके साथ ही, विभिन्न मामलों में अर्थदंड और सेटलमेंट राशि के रूप में ₹12,86,63,632 (बारह करोड़ छियासी लाख तिरेसठ हजार छह सौ बत्तीस रुपये) दिलाए व वसूल किए गए।

कार्यक्रम में प्रमुख न्यायिक व प्रशासनिक हस्तियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर मोटर दुर्घटना प्रतिकर दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरविंद राय, प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) अखिलेश कुमार पांडेय, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद रफी, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) बीरेंद्र कुमार तथा नोडल अधिकारी (राष्ट्रीय लोक अदालत) व अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश/एफटीसी मनोज कुमार तिवारी उपस्थित रहे।

इनके अलावा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभव कटियार, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अरुण कुमार-चतुर्थ, सचिव (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) शैलेंद्र नाथ, सिविल जज (सीनियर डिवीजन एफटीसी) वकील, सिविल जज (जूनियर डिवीजन नौगढ़) श्रीमती प्रियंवदा प्रियदर्शनी, न्यायिक मजिस्ट्रेट धम्म कुमार सिद्धार्थ, अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन कक्ष सं.-2) शिवेंद्र शर्मा, अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) आदेश कुमार श्रीवास्तव और सिविल जज (जूनियर डिवीजन एफटीसी 1) श्रेय कुमार वर्मा की भी गरिमामयी मौजूदगी रही।

बार एसोसिएशन और लीगल एड डिफेंस काउंसिल का सहयोग

कार्यक्रम में सिविल बार सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष दिव्य प्रकाश शुक्ला, महामंत्री अजय कुमार पांडेय तथा जिला बार सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष सत्यदेव सिंह भी मौजूद रहे। साथ ही स्थायी लोक अदालत के सदस्य जयशंकर प्रसाद मिश्र, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अश्वनी कुमार मिश्र, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल फराज, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल एहतेशामुद्दीन व अशोक चंद्र, विभिन्न बैंकों के अधिकारीगण, विद्वान अधिवक्ता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।