📅 Published on: September 12, 2026
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। डुमरियागंज थाने में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक युवक ने फोन कर धमकी देने, दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित युवक ने पूरी घटना का ऑडियो रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल होने का दावा करते हुए DIG बस्ती परिक्षेत्र को शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग उठाई है।
बिना FIR और नोटिस के थाने बुलाने का दबाव पीड़ित सद्दाम हुसैन पुत्र मोहम्मद कलाम, निवासी देवारिया, थाना डुमरियागंज का आरोप है कि थाने के मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) इकरामुल्लाह खान और आरक्षी (कांस्टेबल) आदित्य यादव पिछले कुछ समय से उस पर अनुचित दबाव बना रहे हैं। सद्दाम के मुताबिक, उसके खिलाफ न तो कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज है, न ही अदालत या पुलिस की तरफ से कोई सम्मन या नोटिस जारी किया गया है। इसके बावजूद पुलिसकर्मी लगातार फोन कर उसे जबरन थाने आने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं।
“पहले भी तुमको नाप देंगे” – फोन पर दी गई धमकी पीड़ित का कहना है कि 7 सितंबर को हेड कांस्टेबल ने फोन कर उस पर तुरंत थाने पहुंचने का दबाव बनाया। विरोध करने और कारण पूछने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। सद्दाम ने दर्द बयां करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी उसे फोन पर धमकी देते हुए कहते हैं, “मेरा कसूर सिर्फ इतना है कि मैं मुस्लिम हूं और मेरा नाम सद्दाम है…”। उसने आरोप लगाया कि उसे पहले भी “बेटा तुमको नाप देंगे” जैसी धमकियां दी जा चुकी हैं, जिससे वह और उसका परिवार गहरे खौफ में है।
फ़र्ज़ी मुकदमे का डर, ऑडियो और कॉल डिटेल तैयार सद्दाम हुसैन ने अपनी शिकायत में अंदेशा जताया है कि डुमरियागंज पुलिस के ये कर्मचारी उसे किसी झूठे और मनगढ़ंत मुकदमे में फंसा सकते हैं। पीड़ित का दावा है कि पुलिसकर्मियों के साथ हुई बातचीत का पूरा ऑडियो साक्ष्य (Call Recording) और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) उसके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
DIG बस्ती से लगाई न्याय की गुहार पुलिसिया कार्यशैली और उत्पीड़न से त्रस्त होकर युवक ने सीधे DIG बस्ती रेंज का दरवाजा खटखटाया है। उसने पत्र भेजकर मांग की है कि दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल विभागीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी मुकदमे में फंसाने की साजिश को रोका जाए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
डुमरियागंज क्षेत्र में आए दिन पुलिसिया मनमानी, अवैध दबाव और वसूली के आरोपों को लेकर उठ रहे सवाल अब खाकी की साख पर गहरा बट्टा लगा रहे हैं। देखना यह होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इस शिकायत पर क्या कड़ा रुख अपनाते हैं।